Powered By Blogger

Sunday 5 December 2010

सीबीआई का हो रहा दुरुपयोग : करात

सीबीआई का हो रहा दुरुपयोग : करात
भोपाल, 5 दिसम्बर। मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राष्ट्रीय महासचिव प्रकाश करात ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा है कि जब भी कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार पर बहुमत का संकट आता है तो विपक्षियों के खिलाफ चल रही जांचों को भी प्रभावित किया जाता है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन की भोपाल में शुरुआत करते हुए रविवार को करात ने कहा कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच सीबीआई पिछले 13 माह से कर रही है मगर वह इस घोटाले का खुलासा नहीं कर पाई। वहीं नियंत्रक एवं महालेखा परीक्ष (कैग) की रिपोर्ट ने देश के सबसे बड़े घोटाले का खुलासा कर दिया। इस घोटाले ने उद्योगपतियों, अधिकारियों और राजनेताओं की सांठगांठ की पोल खोल दी है। लिहाजा, इस मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में छह ऐसे मंत्री हैं जो उद्योगपति हैं। लिहाजा, इस बात का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि उद्योगपति मंत्री किसके हित में नीतियां बनाएंगे। उन्होंने कांग्रेस एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र तथा राज्य सरकारों में हो रहे भ्रष्टाचार की जमकर आलोचना की।
मध्य प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के सवाल पर करात ने पत्रकारों से कहा कि कर्नाटक में भाजपा की सरकार है और वहां चार मंत्रियों को सिर्फ इसलिए इस्तीफा देना पड़ा, क्योंकि उन पर भ्रष्टाचार के मामले दर्ज हैं। इसी तरह मध्य प्रदेश में कई मंत्रियों के खिलाफ लोकायुक्त में मामले दर्ज हैं, लिहाजा उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
भोपाल दौरे पर आए करात ने राज्य सरकार द्वारा दिए गए राज्य अतिथि का दर्जा स्वीकार नहीं किया। वह अपनी पार्टी के दफ्तर में ही ठहरे हुए हैं।

Date: 05-12-2010 Time: 19

No comments:

Post a Comment